


भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सोमवार को सम्पन्न हुआ। रामसागरपारा स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक / पूर्व माध्यमिक / प्राथमिक शाला में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए.।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर शिवरतन शर्मा ने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित 04 अतिरिक्त कक्षों का फीता काटकर लोकार्पण किया। इन नए कक्षों के बनने से अब विद्यालय में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा और कक्षाओं में व्याप्त भीड़भाड़ की समस्या दूर होगी।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत छात्राओं को सायकल वितरित कीं। सायकल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान 02 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य के लिए शिवरतन शर्मा ने विधिवत भूमिपूजन भी किया।

शिवरतन शर्मा ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे ये नवाचार निश्चित रूप से हमारे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

शिवरतन शर्मा ने कहा विशेषकर बेटियों को सायकल मिलना उन्हें शिक्षा के प्रति और अधिक प्रोत्साहित करेगा। सायकल मिलने से दूरस्थ अंचल की बेटियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और ड्रॉपआउट रेट में कमी आएगी।
शर्मा ने आगे कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। सरकार द्वारा स्कूलों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने के लिए निरंतर बजट का प्रावधान किया जा रहा है। शिक्षक, पालक और समाज के सहयोग से ही हम अपने बच्चों को बेहतर भविष्य दे सकते हैं.।
विद्यालय परिवार ने शिवरतन शर्मा के इस सहयोग और मार्गदर्शन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर व्यास यदु, नरेंद्र यदु, सुनील यदु, बंटी टंडन, अशोक साहू, विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती लक्ष्मी यदु, शिक्षकगण, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, पालकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे..।


More Stories
बेंदरी में सामुदायिक भवन निर्माण का विधायक इन्द्र साव ने किया भूमि पूजन
पीहू सिंघानिया ने भारत के दो कठिन परीक्षाएँ NEET एवं JEE क्लियर कर जांजगीर नगर का मान बढ़ाया
भाजपा नेता छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में हुए शामिल