October 31, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भाटापारा में आयोजित हुई विकसित भारत युवा संसद 2026-27

युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर रखे अपने विचार, 200 से अधिक युवाओं की रही सहभागिता

भाटापारा/khabar-bhatapara.in:-  भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल MY Bharat (मेरा युवा भारत) के तत्वावधान में 31 अक्टूबर 2026 को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, भाटापारा में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रहा। इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं एवं संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती सुनीता तिवारी के मार्गदर्शन एवं समन्वय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा उपस्थित रहे। वहीं MY Bharat के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री रमन पटेल, जिला खेल अधिकारी (DSO) श्रीमती प्रीति बंछोर, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रीता यादव, डॉ. आर.के. वर्मा, श्री योगेंद्र कुमार एवं श्रीमती आम्रपाली धमगाया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

युवा संसद के दौरान ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवाओं के बीच लोकतांत्रिक विमर्श आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने लोकसभा एवं विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने की अवधारणा, इसकी संवैधानिक एवं प्रशासनिक संभावनाओं, चुनावी प्रक्रिया, शासन व्यवस्था, नीतिगत निरंतरता तथा लोकतंत्र पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली को समझने, तार्किक ढंग से अपने विचार रखने, विभिन्न दृष्टिकोणों को सुनने तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप संवाद करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एवं नीतिगत विषयों पर अपनी बात रखते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को राष्ट्र के भविष्य की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवैधानिक समझ एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में MY Bharat के वॉलंटियर्स श्री राजीव मिर्झा एवं श्री परमेश्वर साहू सहित 200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का यह आयोजन युवाओं को लोकतंत्र की मूल भावना से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा विकसित भारत के संकल्प में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम का समापन युवाओं की सकारात्मक भागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प के संदेश के साथ हुआ।