October 31, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

युवाओं ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ, एकता रैली निकालकर दिया सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश

भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल MY Bharat (मेरा युवा भारत) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भाटापारा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण के पश्चात विद्यार्थियों एवं MY Bharat स्वयंसेवकों द्वारा एकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आम नागरिकों को देश की एकता एवं अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती सुनीता तिवारी के मार्गदर्शन एवं समन्वय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा सहित अन्य अतिथियों एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर MY Bharat वॉलंटियर श्री राजीव मिर्झा एवं श्री परमेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, NSS स्वयंसेवक एवं युवा उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता दिवस का यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान एवं उनके एकता के संदेश को स्मरण करने के साथ ही युवाओं में देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना।