November 25, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

वामन अवतार से मिला संदेश, मांगने वाला छोटा और देने वाला होता है बड़ा : पं. मनोज दुबे

भागवत कथा के चौथे दिन माधव दास चरित्र का भावपूर्ण वर्णन, श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु

भाटापारा : – धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के पावन वातावरण में मातादेवालय वार्ड में आयोजित आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। कथा के चौथे दिन कथावाचक आचार्य भागवत भूषण पंडित मनोज दुबे ने माधव दास के चरित्र का विस्तार से वर्णन करते हुए भगवान के वामन अवतार की महिमा और उसके आध्यात्मिक संदेश को अत्यंत भावपूर्ण एवं संगीतमय शैली में प्रस्तुत किया। इस दौरान श्रीराम जन्म और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भी भव्य आयोजन हुआ। जन्मोत्सव के प्रसंग पर कथा स्थल जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए।
वामन अवतार की कथा का प्रसंग सुनाते हुए पंडित मनोज दुबे ने बताया कि भगवान विष्णु ने राजा बलि के यज्ञ में एक छोटे ब्राह्मण बालक के रूप में वामन अवतार धारण किया था। भगवान का यह स्वरूप केवल आकार में छोटा था, लेकिन उनकी विराट सत्ता और सामर्थ्य असीम थी। उन्होंने वामन अवतार के माध्यम से जीवन का गहरा संदेश देते हुए कहा कि मांगने वाला हमेशा छोटा होता है, जबकि देने वाला हमेशा बड़ा होता है। यही कारण है कि भगवान स्वयं छोटे वामन स्वरूप में प्रकट हुए और अपने तीन पग में संपूर्ण ब्रह्मांड को नापकर अपनी विराट महिमा का परिचय दिया। कथा के इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को विनम्रता, दान, समर्पण और ईश्वर की लीला का भावपूर्ण संदेश दिया।
इसके पश्चात श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनाया गया। भगवान के धरती पर अवतरण की कथा का संगीतमय वर्णन होते ही कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से भर उठा। जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा और उल्लास प्रकट किया।
उल्लेखनीय है कि पटेल परिवार द्वारा स्वर्गीय वेदप्रकाश पटेल की वार्षिक श्राद्ध एवं पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति की कामना से इस आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन कराया जा रहा है। कथा के प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। आयोजन के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह लगातार बढ़ रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान की लीलाओं के साथ जीवन में धर्म, सदाचार, सेवा, दान और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिल रही है।