October 3, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

पशुओं में रोग नियंत्रण के लिए टीकाकरण अभियान शुरू

भाटापारा/khabar-bhatapara.in:-  मानसून के मद्देनजर पशुओं में होने वाले संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए ग्राम पंचायत धूर्राबांधा सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पशु टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान शासकीय पशु चिकित्सालय मोपका तथा पशु औषधालय खैरा एवं लच्छनपुर के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत पशुओं को मुख्य रूप से गलघोटू एवं एक्टिंगिया रोगों से बचाव के लिए टीके लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर पशुपालकों को आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है।

मोपका संस्था प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह पैकरा ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने सभी पशुओं को बांधकर निर्धारित टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि पशुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर रखना जरूरी है, क्योंकि गलघोटू जैसी बीमारियां जीवाणुओं के कारण फैल सकती हैं। पशुओं में किसी भी प्रकार की बीमारी या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क कर उपचार एवं आवश्यक दवाइयां प्राप्त करें।

ग्राम धूर्राबांधा सहित आसपास के ग्रामीणों ने भी अपने पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने पशु स्वास्थ्य की दृष्टि से इस अभियान को उपयोगी बताते हुए पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुओं का टीकाकरण कराने की अपील की।

यह जानकारी ग्राम के युवा कन्हैया वर्मा द्वारा दी गई।