


सूरजपुरा रोड भाटापारा में सरस्वती शिक्षा संस्थान की क्षेत्रीय एवं प्रांतीय जूडो, कुराश, कराते, ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, संभाग भर के खिलाड़ी हुए शामिल
भाटापारा/khabar-bhatapara.in:-सरस्वती शिक्षा संस्थान, रायपुर छत्तीसगढ़ की वार्षिक क्रीड़ा योजना के अंतर्गत शनिवार को नगर के प्रतिष्ठित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुरा रोड, भाटापारा में क्षेत्रीय एवं प्रांतीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता (जूडो / कुराश / कराते / ताइक्वांडो) का भव्य एवं गरिमामय उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ सरस्वती, भारत माता और विद्या भारती के प्रेरणा पुरुष परम पूज्य ओम जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा स्वागत गीत एवं मार्शल आर्ट की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से आए हुए खिलाड़ी छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं, जो आगामी दो दिनों तक अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खेल से ही अनुशासन और आत्मरक्षा का संस्कार आता है – शिवरतन शर्मा

समारोह को संबोधित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल एक विद्यालय नहीं है, बल्कि यह संस्कार का केंद्र और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। यहाँ बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं दिया जाता, बल्कि खेलों के माध्यम से उनमें अनुशासन, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और राष्ट्रभाव का जो बीजारोपण किया जा रहा है, वह वास्तव में वंदनीय और अनुकरणीय है।
शिवरतन शर्मा ने कहा, “आज के इस प्रतिस्पर्धी युग में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक रूप से सशक्त होना भी अत्यंत आवश्यक है। विशेषकर हमारी बहनों-बेटियों के लिए जूडो, कुराश, कराते और ताइक्वांडो जैसे आत्मरक्षात्मक खेलों का प्रशिक्षण बहुत जरूरी है। यह खेल बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से दृढ़, अनुशासित और किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए आत्मविश्वासी बनाते हैं।”
शर्मा ने आगे कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने आए सभी क्षेत्रों के खिलाड़ियों के चेहरों पर जो ऊर्जा, जोश और आत्मविश्वास देखने को मिला, वह यह विश्वास दिलाता है कि यही बच्चे आने वाले समय में हमारे भाटापारा, छत्तीसगढ़ और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। विद्या भारती ने हमेशा ‘शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्र प्रथम’ की भावना को लेकर कार्य किया है और आज का यह आयोजन उसी का जीवंत उदाहरण है।
अंत में शिवरतन शर्मा ने इस सफल, अनुशासित और भव्य आयोजन के लिए आयोजक स्वामी विवेकानंद शिक्षण समिति भाटापारा, सरस्वती शिक्षा संस्थान, प्रतियोगिता के संयोजक, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त आचार्य परिवार और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगो को हार्दिक बधाई एवं साधुवाद दिया। साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ी भैया-बहनों को उज्ज्वल भविष्य और जीत की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस गरिमामय अवसर पर स्वामी विवेकानंद शिक्षण समिति के अध्यक्ष, सचिव, विभिन्न विद्यालयों से आए हुए क्रीड़ा प्रभारी, निर्णायकगण, खेल प्रशिक्षक, बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


More Stories
भाटापारा में छत्तीसगढ़ स्टेट सबजूनियर कुराश सलेक्शन ट्रायल सम्पन्न
पशुओं में रोग नियंत्रण के लिए टीकाकरण अभियान शुरू
MY Bharat के नेतृत्व में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित, युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश