


भाटापारा/khabar-Bhatapara.in:- शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.आर.सी. जेम्स के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति की प्रभारी डॉ. शशि किरण कुजूर के नेतृत्व में किया गया। सावन उत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हाथ से निर्मित राखी बनाओ प्रतियोगिता, फूल एवं पत्तियों से निर्मित फ्लोरल आर्ट प्रतियोगिता, ग्रीन थीम पर व्यंजन प्रतियोगिता, सावन पर आधारित काव्य पाठ तथा ग्रीन थीम पर फैशन शो प्रमुख रहे। राखी बनाओ प्रतियोगिता का संचालन सुश्री इंद्राणी मरकाम एवं डॉ. दीपिका त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया। फूल एवं पत्तियों से निर्मित फ्लोरल आर्ट प्रतियोगिता में श्रीमती रेखा कश्यप एवं डॉ. नवनीत द्विवेदी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। ग्रीन थीम आधारित व्यंजन प्रतियोगिता का दायित्व डॉ. राजन तिवारी ने संभाला। इसी क्रम में “सावन पर आधारित” काव्य पाठ प्रतियोगिता का संचालन श्री राजेश कुमार एवं डॉ. विकास गुलहरे के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि ग्रीन थीम फैशन शो का आयोजन श्रीमती ऋतंभरा यादव एवं डॉ. सुमित पंत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का प्रदर्शन किया। सावन की हरियाली एवं प्रकृति की सुंदरता को केंद्र में रखते हुए आयोजित इन गतिविधियों ने महाविद्यालय परिसर में उत्सव एवं उल्लास का वातावरण निर्मित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम की सफलता पर प्राचार्य डॉ. ए.आर.सी. जेम्स ने विद्यार्थियों की सहभागिता एवं समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति की प्रभारी डॉ. शशि किरण कुजूर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


More Stories
खेलो में अभिरुचि रखने वालों को स्पर्धा दिलाएगी अवसर
भाटापारा में छत्तीसगढ़ स्टेट सबजूनियर कुराश सलेक्शन ट्रायल सम्पन्न
सरस्वती शिशु मंदिर केवल विद्यालय नहीं, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है : शिवरतन शर्मा