


भाटापारा रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं और प्रमुख समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग
भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- भाटापारा रेलवे स्टेशन मुंगेली, बेमेतरा, कवर्धा एवं बलौदाबाजार सहित आसपास के अनेक गांवों, ब्लॉकों एवं तहसीलों के यात्रियों के लिए प्रमुख रेल केंद्र है। इसके बावजूद स्टेशन पर कई मूलभूत सुविधाओं एवं यात्री सेवाओं की कमी बनी हुई है। इन समस्याओं के निराकरण को लेकर रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने डीआरएम दयानंद जी से चर्चा कर विभिन्न मांगें एवं समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य अमरजीत सिंह सलूजा ने डीआरएम के समक्ष स्टेशन से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को रखते हुए कहा कि स्टेशन के सामने की सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क जगह-जगह उखड़ चुकी है, बड़े-बड़े गड्ढे हैं तथा छड़ें बाहर निकल आई हैं, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सड़क का तत्काल गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन में चल रहे कार्य की गति काफी धीमी है। लगभग दो माह तक कार्य बंद रहने के बाद पुनः कार्य प्रारंभ हुआ है। कार्य को तेज गति से कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की मांग की गई।

इसके अलावा कोकणी-अंबुजा फाटक लंबे समय तक बंद रहने से आवागमन प्रभावित होने की समस्या भी उठाई गई। फाटक के दोनों ओर बने बड़े-बड़े गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई।
नवनिर्मित अंडरब्रिज में बारिश का पानी भरने की समस्या का तकनीकी परीक्षण कर उचित जल निकासी व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी समिति सदस्यों ने रखी।
समिति ने मातादिवाला क्षेत्र की ओर लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में अच्छे रेस्टोरेंट/होटल की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
इसके साथ ही भाटापारा की क्षेत्रीय उपयोगिता एवं बड़ी संख्या में आने-जाने वाले यात्रियों को देखते हुए प्रमुख ट्रेनों का स्टॉपेज भाटापारा रेलवे स्टेशन पर दिए जाने, बंद एवं विशेष ट्रेनों को नियमित करने तथा आवश्यकतानुसार ट्रेनों का विस्तार करने की मांग भी डीआरएम के समक्ष रखी गई।
इस अवसर पर प्रकाश मोदी (सदस्य, अल्पसंख्यक आयोग एडवाइजरी पैनल), रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य रविंद्र जैन, अमरजीत सिंह सलूजा, सुरेश भानुशाली, लक्ष्मी नारायण सोनी, वाशु मखीजा, अभिषेक मोदी, गौरव जैन एवं राजेश शर्मा (DRUCC सदस्य) सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने डीआरएम दयानंद जी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समिति सदस्यों ने कहा कि भाटापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र की जनता से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर समयबद्ध एवं सकारात्मक कार्रवाई होने की उम्मीद है। यात्रियों की सुविधाओं में सुधार और स्टेशन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण से भाटापारा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।


More Stories
राष्ट्रीय खेल दिवस पर नयापारा में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया सावन उत्सव
खेलो में अभिरुचि रखने वालों को स्पर्धा दिलाएगी अवसर