


200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, जिला स्तरीय चयन ट्रायल के लिए 44 खिलाड़ियों का हुआ चयन
भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- विकासखंड स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन मयूर स्कूल, भाटापारा में किया गया। प्रतियोगिता में भाटापारा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा छठवीं से 12वीं तक के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में शाश्वत लिटिल स्टार इंग्लिश मीडियम स्कूल सिंगारपुर भाटापारा, स्वामी आत्मानंद विद्यापीठ देवरी, मॉडर्न इंग्लिश मीडियम स्कूल, मयूर क्लब भाटापारा, स्वामी आत्मानंद स्कूल, शिवलाल मेहता स्कूल, स्वामी आत्मानंद करही बाजार स्कूल सहित विकासखंड के अंतर्गत आने वाले अन्य विद्यालयों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता में कराटे का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 44 खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय चयन ट्रायल प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 3 सितंबर को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय चयन ट्रायल प्रतियोगिता में भाटापारा विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।


उक्त प्रतियोगिता विकासखंड खेल अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। प्रतियोगिता के सफल संचालन में कराटे खेल के संयोजक आलोक गुप्ता, विकासखंड के व्यायाम शिक्षकों, जिला कराटे संघ के महासचिव ऋषभ सिंह चौहान, चैंपियन मार्शल आर्ट एकेडमी के प्रबंधक विक्रम सिंह चौहान, सचिव नेमीचंद साहू, योगेश कुर्रे, सह-सचिव हर्ष देवांगन, महेश राजपूत, धनंजय पांडे, भानु देवांगन, प्रवीण मोहले, मोहन वर्मा, हेमलता साहू एवं गुलाब साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्कूल शिक्षा विभाग, जिला कराटे संघ एवं चैंपियन मार्शल आर्ट अकादमी भाटापारा के संयुक्त नेतृत्व एवं सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी योगेश कटारिया, क्रीड़ा शिक्षक चंद्रकांत बांगडे, उमा प्रसाद राठौर एवं दिनेश साहू सहित शाश्वत लिटिल स्टार स्कूल सिंगारपुर से निर्मला पाटले एवं मॉडर्न इंग्लिश मीडियम स्कूल से श्वेता मिश्रा उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में कराटे जैसे खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को जिला एवं आगे के स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना रहा।


More Stories
रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर सलाहकार समिति सदस्यों ने डीआरएम से की चर्चा
राष्ट्रीय खेल दिवस पर नयापारा में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया सावन उत्सव