November 19, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

Oplus_131072

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर 22 नवंबर को भाटापारा में निकलेगा भव्य नगर कीर्तन

भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- धन-धन साहिब श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार, 22 नवंबर को भाटापारा नगर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा।

नगर कीर्तन दोपहर 1 बजे हटरी बाजार स्थित गुरुद्वारा से प्रारंभ होगा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया एवं पंज प्यारे साहिबान की अगुवाई में निकलने वाला यह नगर कीर्तन पूर्ण खालसाई शान, सिख मर्यादा एवं अनुशासन के साथ संपन्न होगा।

नगर कीर्तन का मार्ग गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर हटरी बाजार, झूलेलाल मंदिर, बस स्टैंड, सती मंदिर रोड, गोविंद चौक, रामसप्ताह चौक, जय स्तंभ चौक, फव्वारा चौक, रेस्ट हाउस स्टेशन होते हुए थाने के सामने वाले मार्ग से पुनः हटरी बाजार होकर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंचेगा।

नगर कीर्तन के दौरान गुरबाणी कीर्तन, सिमरन एवं गुरु साहिब की शिक्षाओं का संदेश दिया जाएगा। वहीं खालसाई शौर्य एवं गौरव के प्रतीक गतका दल द्वारा आकर्षक एवं रोमांचक प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो नगर कीर्तन का विशेष आकर्षण रहेगा।

इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी ने समस्त नगरवासियों, धर्मप्रेमियों एवं गुरु नानक नामलेवा संगत से सपरिवार नगर कीर्तन में शामिल होने की अपील की है। कमेटी ने आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु महाराज जी के दर्शन करें, गुरबाणी कीर्तन एवं सिमरन का लाभ उठाएं तथा गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें।