

भाटापारा/khabar-bhatapara.in:-
प्रांजल सिंह राजपूत के नेतृत्व में लोकरागी संस्था भाटापारा द्वारा कोरिया महोत्सव बैकुंठपुर में भरथरी गायन एवं पारंपरिक लोकगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। तीन दिवसीय यह सांस्कृतिक आयोजन 17, 18 एवं 19 फरवरी 2026 को भव्य रूप से संपन्न हुआ।
महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर भरथरी एवं छत्तीसगढ़ी पारंपरिक लोकगीतों की विशेष प्रस्तुति आयोजित की गई, जिसमें प्रांजल सिंह राजपूत एवं उनकी टीम ने अपनी मधुर आवाज और पारंपरिक वाद्य-संगीत के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान लोकसंस्कृति की झलक, लोकगाथाओं की आत्मीयता तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत चित्र उपस्थित हुआ।
प्रांजल सिंह राजपूत भाटापारा नगर के युवा एवं प्रतिभाशाली भरथरी लोकगायक हैं। वे अब तक अनेक शासकीय एवं अशासकीय मंचों पर अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से श्रोताओं की सराहना प्राप्त कर चुके हैं। लोकगायन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण ने उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
कोरिया महोत्सव में उनकी प्रस्तुति को दर्शकों एवं आयोजकों द्वारा विशेष सराहना मिली। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कला-प्रेमी उपस्थित रहे।
लोकरागी भरथरी संस्था भाटापारा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, विशेषकर भरथरी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना एवं उसे संरक्षित करना है। संस्था द्वारा निरंतर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर प्रदेश की लोकधरोहर को सशक्त किया जा रहा है।


More Stories
दक्षिण भारत की यात्रा के लिए बस को रवाना किया विधायक इंद्र साव ने
समावेशी शिक्षा अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन
भाटापारा नगर पालिका परिषद में 47 कार्यों के लिए 3.5 करोड़ स्वीकृत