


विकसित भारत@2047 के संकल्प के साथ युवाओं ने की राष्ट्र निर्माण पर चर्चा, नशामुक्त भारत बनाने का लिया संदेश
भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘विकसित भारत@2047’ रही। इसमें 150 से अधिक छात्र-युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र निर्माण, युवा सहभागिता और नशामुक्त भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री परिचय मिश्रा, विशिष्ट अतिथि श्री सुनील यदु एवं यूथ आइकॉन श्री आलोक गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। राष्ट्र निर्माण के लिए सकारात्मक सोच, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी अनन्या मिश्रा, असिस्टेंट डायरेक्टर MY Bharat श्री रमन पटेल एवं MY Bharat यूथ वॉलंटियर राजीव मिर्झा की सहभागिता रही। उन्होंने युवाओं को MY Bharat की विभिन्न गतिविधियों, अवसरों तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर संवाद एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भारत की विकास यात्रा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन और विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों से साकार होगा।
कार्यक्रम में ‘नशामुक्त भारत’ विषय पर भी विशेष चर्चा हुई। युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। संवाद एवं विचार-विमर्श के माध्यम से युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के NSS प्रभारी श्री राजन तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, MY Bharat के अधिकारियों, महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
MY Bharat के माध्यम से आयोजित यह ‘विकसित भारत युवा संवाद’ युवाओं को राष्ट्र की विकास यात्रा से जोड़ने और उनकी ऊर्जा एवं प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश को अपने मित्रों, परिवार एवं समाज तक पहुंचाकर एक जागरूक, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

अधिक जानकारी एवं युवा सहभागिता के अवसरों के लिए वेबसाइट: www.mybharat.gov.in

More Stories
कृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
जीएनए कॉलेज ने कराया राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम जागरूकता कार्यक्रम
शिवरतन शर्मा के अनुशंसा एवं सतत् प्रयास से भाटापारा विधानसभा को मिली 47 करोड़ 90 लाख की बड़ी सौगात