


खम्हरिया/khabar-bhatapara.in:- भारत सरकार की महत्वाकांक्षी नेशनल ऑयल मिशन योजना के अंतर्गत उपसंचालक कृषि विभाग के सहयोग से किसान उत्पादक संगठन (FPO) बलौदाबाजार द्वारा जिलेभर में किसानों को निःशुल्क सरसों बीज वितरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 नवंबर 2026 को ग्राम खम्हरिया में सरसों बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के लोकप्रिय जनपद सदस्य श्री पवन वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा नेशनल ऑयल मिशन के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और देश को तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। किसानों को इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने किसानों से रबी सीजन में धान की फसल के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री शिव कुमार वर्मा ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि तिलहन फसल का पंजीयन कराने के बाद किसान अपनी उपज सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर बेच सकते हैं। सरकार द्वारा सरसों की खरीदी 6,613 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उन्होंने किसानों से योजना का लाभ लेने और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम में 10K FPO के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा संचालित एफपीओ बलौदाबाजार के सीईओ श्री शुभम वर्मा ने बताया कि नेशनल ऑयल मिशन के तहत पिछले एक सप्ताह से पूरे जिले में निःशुल्क सरसों बीज वितरण अभियान चलाया जा रहा है। बलौदाबाजार विकासखंड में आज यह कार्यक्रम संपन्न हुआ है। आगामी दिनों में सिमगा, भाटापारा एवं पलारी विकासखंड में भी किसानों को निःशुल्क सरसों बीज वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जो किसान सरसों की खेती करना चाहते हैं, वे एफपीओ बलौदाबाजार कार्यालय में आधार कार्ड एवं बी-1 की प्रति जमा कर निःशुल्क सरसों बीज प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी गांव के किसान सामूहिक रूप से संगठित होकर पूरे गांव में सरसों की खेती करना चाहते हैं, तो एफपीओ से संपर्क कर सकते हैं। संगठन द्वारा संबंधित गांव में ही सरसों बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आगामी सरसों बीज वितरण कार्यक्रम की तिथियां इस प्रकार हैं—
- 27, 28 एवं 29 नवंबर – सिमगा विकासखंड
- 30 नवंबर – कसडोल विकासखंड
- 1 एवं 2 दिसंबर – पलारी विकासखंड
- 3 एवं 4 दिसंबर – भाटापारा विकासखंड
एफपीओ बलौदाबाजार द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे इस निःशुल्क सरसों बीज वितरण योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर कृषि एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें।

अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए मोबाइल नंबर: 7389048545

More Stories
कृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
संविधान दिवस पर भाटापारा महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन, 150 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
जीएनए कॉलेज ने कराया राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम जागरूकता कार्यक्रम