


भागवत कथा के पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भजनों की धुन पर झूम उठे श्रद्धालु
भाटापारा : – धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर नगर के मातादेवालय वार्ड में पटेल परिवार द्वारा आयोजित आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ रही है। कथा के पांचवें दिन भगवान भोलेनाथ के चरित्र वर्णन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं, माखन चोरी प्रसंग और गोवर्धन पूजा का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के दौरान भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक रस की ऐसी त्रिवेणी बही कि श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और भजनों की मधुर धुन पर झूमने लगे।
कथावाचक आचार्य भागवत भूषण पंडित मनोज दुबे ने भगवान भोलेनाथ के चरित्र का वर्णन करते हुए उनकी सरलता, करुणा, त्याग और भक्तों के प्रति असीम प्रेम की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि भगवान शिव आशुतोष हैं, जो सच्ची श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। शिव चरित्र के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता के भाव से जोड़ दिया।
इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का अत्यंत रोचक और मनमोहक वर्णन हुआ। नटखट कान्हा की माखन चोरी लीला, ग्वाल-बालों के साथ उनकी अठखेलियां और माता यशोदा के साथ वात्सल्यपूर्ण प्रसंगों ने कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से प्रेम, निश्छलता और भक्ति का संदेश दिया गया।
कथा का विशेष आकर्षण गोवर्धन पूजा का प्रसंग रहा। कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अभिमान का मर्दन करने और गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि गोवर्धन लीला प्रकृति के संरक्षण, सामूहिक एकता और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने इस प्रसंग के माध्यम से यह भी बताया कि अहंकार का अंत निश्चित है और सच्ची श्रद्धा एवं समर्पण ही मनुष्य के जीवन का वास्तविक आधार है।
कथा के दौरान मधुर भजनों, संगीतमय प्रस्तुतियों और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर नृत्य करते और भगवान के जयकारे लगाते नजर आए। आयोजन स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बुजुर्ग श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। आठ दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से नगर में आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक उत्साह का वातावरण निर्मित हो रहा है।
फोटोज …




More Stories
संविधान दिवस पर भाटापारा महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन, 150 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
जीएनए कॉलेज ने कराया राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम जागरूकता कार्यक्रम
शिवरतन शर्मा के अनुशंसा एवं सतत् प्रयास से भाटापारा विधानसभा को मिली 47 करोड़ 90 लाख की बड़ी सौगात