June 28, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

सीनियर ड्यूज बॉल समर क्रिकेट टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

भाटापारा :- सियॉन क्रिकेट अकादमी, भाटापारा द्वारा आयोजित सीनियर ड्यूज बॉल समर क्रिकेट टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में भाटापारा के पूर्व विधायक  शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं डॉ. विकास आडील विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव आदित्य सिंह ठाकुर, सुनील यदु एवं संवाददाता कोमल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथि  शिवरतन शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में खिलाड़ियों को खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास का महत्व बताते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं को जीवन में सफलता एवं नेतृत्व के गुण भी प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भाटापारा का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। सभी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सियॉन क्रिकेट अकादमी की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सियॉन क्रिकेट अकादमी के कोच सुमित सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अकादमी भविष्य में भी खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं बेहतर प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।