


जिले के 80 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, मेजर ध्यानचंद के योगदान को किया याद
भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला ओलंपिक संघ बलौदा बाजार एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में खेल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अर्जुनी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्रांगण में ताईक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उनकी तस्वीर पर पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके पश्चात प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों, कोच एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 80 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला ताईक्वांडो संघ के सचिव अखिलेश कैवर्त्य, यास्मीन अफरोज सहित रेफरी रजनी लहरे, दिनेश साहू, आदित्य अग्रवाल, होरी लाल साहू, लेखु प्रसाद एवं रमा टंडन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आयोजकों ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। खेल सप्ताह के माध्यम से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

More Stories
51 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण, महिलाओं सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का जन्मदिन सादगी, आत्मीयता और धूमधाम के साथ मनाया गया
हर वार्ड में सफाई व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : अश्वनी शर्मा