


1मार्च को अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति नारी प्रकोष्ठ द्वारा छत्तीसगढी व्यंजन मेला का आयोजन
भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- आयोजन अपने आप मे एक अहम संदेश के परिचायक होते है तथा किसी भी आयोजन की सफलता उसमें समाहित संदेशों की व्यापकता से परिभाषित होती है,इस लिहाज से देखा जाए तो अखंड ब्राम्हण समाज सेवा समिति नारी प्रकोष्ठ द्वारा समय समय पर आयोजित होने वाले विविध आयोजन सफलता को परिभाषित करते हुए नजर आते है क्योकि उन आयोजनों मे संदेशों की व्यापकता समाहित होती है,इसी कड़ी मे 1मार्च को समिति द्वारा पुष्प मंगलम कान्यकुब्ज भवन मे नवनियुक्त अध्यक्ष शिवानी शर्मा के नेतृत्व एवं प्रांत पदाधिकारियों के मार्गदर्शन मे एक महत्वपूर्ण आयोजन होगा और इस आयोजन के माध्यम से रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता का विराट संदेश प्रसारित होगा।
छत्तीसगढी व्यंजन मेला का आयोजन

नारी शक्ति की रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता को अभिव्यक्त करती हुई छत्तीसगढी व्यंजन मेला के महत्वपूर्ण आयोजन मे स्वनिर्मित छत्तीसगढी व्यंजन की स्वादिष्ट बगिया पुष्प मंगलम मे बिखरेगी,समिति के मीडिया प्रभारी सरिता रानी शर्मा एवं ममता दीवान द्वारा उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया गया कि व्यंजन मेला मे लगभग 20स्टाल लगाए जायेंगे जिसमे मातृशक्ति द्वारा निर्मित विविध पकवान सहित विविध खाद्य सामाग्री उपलब्ध रहेगी,स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रस्तुति के साथ ही विविध रचनात्मक एवं सांस्कृतिक आयोजन भी होगा जिसमें समाज के नौनिहाल बेटियों की अहम भागीदारी रहेगी।
प्रमुख जनों का मुख्य आतिथ्य
पुष्प मंगलम कान्यकुब्ज भवन मे एक मार्च को सुबह दस बजे से रात्रि दस बजे तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढी व्यंजन मेला के विराट आयोजन मे मुख्यमंत्री की धर्म पत्नी कौशल्या देवी साय, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा व्याख्यान दिवाकर आचार्य झम्मन शास्त्री,पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा एवं विरेन्द्र शर्मा की अतिथि के रुप मे गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
अधिक से अधिक भागीदारी का आव्हान
आयोजन को सफलतम मूर्त रुप देने के लिए तैयारियों का दौर जारी है एवं विभिन्न बैठको के माध्यम से आयोजन की रुपरेखा तैयार किया जा रहा है तथा सामाजिक जनों के बीच आयोजन को लेकर भरपूर उत्साह नजर आ रहा है,अखंड ब्राम्हण समाज सेवा समिति नारी प्रकोष्ठ की अध्यक्ष शिवानी शर्मा एवं प्रांत पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ सदस्यों द्वारा समस्त सामाजिक जनों से छत्तीसगढी व्यंजन मेला मे अधिक से अधिक भागीदारी का आव्हान किया गया है।

More Stories
शिवरतन शर्मा ने आदिवासी जीवनशैली, कला और परंपराओं को बताया देश की अनमोल धरोहर..
जिला स्विमिंग एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
नगर देवांगन समाज गठन भंग के समाचार का खंडन