


भाटापारा :- छत्तीसगढ़ की सनातनी जनता और संतो में पार्टेश्वर धाम में की जा रही तोड़फोड़ को लेकर गहरी नाराजगी और आक्रोश है । मध्य भारत के लाखों सनातन धर्मावलंबियों और गौ-भक्तों की गहरी आस्था और जनभावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है ।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की डोंडी लोहारा तहसील के ग्राम तुयेगोंडी में पहाड़ी चोटी पर स्थित ‘जामड़ी पाटेश्वर धाम’ एक अत्यंत पावन और प्रमुख हिंदू तीर्थ स्थल है। मुख्य रूप से माता कौशल्या को समर्पित यह मंदिर परिसर और यहाँ स्थित गोशाला पूरे मध्य भारत में स्थानीय निवासियों सहित लाखों भक्तों की अगाध श्रद्धा का केंद्र है। माता कौशल्या की भूमि छत्तीसगढ़ में इस धाम का एक विशिष्ट आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।
रामजन्म भूमि मुक्ति आन्दोलन के नेतृत्वकर्ता , राष्ट्र संत परमपूज्य ब्रह्मलीन आचार्य स्वामी श्री धर्मेंद्र जी महाराज के उत्तराधिकारी पावनधाम आश्रम विराटनगर राजस्थान से श्री पंचखंड पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी श्री सोमेंन्द्र जी महाराज छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। गौ सम्मान आह्वान अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर बल प्रदान करने के लिए वे देश व्यापी प्रचार कर रहें हैं। आचार्य श्री सोमेन्द्र जी महाराज का बालोद जिले के पार्टेश्वर धाम आश्रम (कौशल्या माता मंदिर) में प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्यवाही के सम्बन्ध में सम्मानित पत्रकार बन्धुओं से चर्चा करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि अत्यंत खेद और चिंता का विषय है कि वर्तमान में स्थानीय प्रशासन द्वारा इस पवित्र मंदिर परिसर और गौशाला को ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन के इस कदम से न केवल लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि गौशाला में आश्रित सैकड़ों गौवंश के जीवन और सुरक्षा पर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। किसी भी जीवंत तीर्थ स्थल और गौशाला पर इस तरह की दंडात्मक कार्रवाई जनआक्रोश को भड़का सकती है। इसलिए इसके पूर्व की स्थितियां बिगड़े, समस्त संत समाज छत्तीसगढ़ सरकार से वहां हो रही तोड़फोड़ को अविलंब रोकने की मांग करता है तथा जिस निर्माण को तोड़ा गया है, उसे शासन द्वारा पुनः निर्मित किये जाने की मांग करता है ।
संत समाज इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने एवं इस पावन परिसर और गौशाला को पूर्ण संरक्षण प्रदान करने की भी माँग करता है ताकि सनातन संस्कृति और गौवंश की रक्षा हो सके।

इस विषय की गंभीरता को देखते हुए सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे और लाखों भक्तों की आस्था को ठेस पहुँचने से बचाएं।

More Stories
श्री गुरु अरजन देव जी के शहीदी दिवस परछबील सेवा का आयोजन
इंट्रा बास्केटबॉल प्रतियोगिता का विधायक इन्द्र साव ने किया भव्य शुभारंभ
खेल, संस्कार और संगठन को मिलेगी नई दिशा, क्रीड़ा भारती के प्रांत सम्मेलन में पहुंचे बलौदाबाजार जिले के प्रतिनिधि।