June 21, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

स्वास्थ्य रहना है तो योग-प्राणायाम को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना पड़ेगा : शिवरतन शर्मा


भारत माता फिजिकल एकेडमी के प्रशिक्षार्थियों की सुविधा हेतु आवास उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन


भाटापारा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रावणभाटा स्थित भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी द्वारा योग दिवस का आयोजन किया गया। एकेडमी में अग्निवीर, बीएसएफ, वायुसेना, पुलिस सहित विभिन्न सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने उपस्थित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ निरंतर संघर्ष एवं मेहनत करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
श्री शर्मा ने भारत माता फिजिकल एकेडमी के संचालक सुनील तिवारी, नारायण साहू एवं युगल किशोर यादव की सराहना करते हुए कहा कि किसी संस्था की शुरुआत करना आसान होता है, लेकिन उसे वर्षों तक निरंतर संचालित करना चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि यह एकेडमी पिछले चार वर्षों से लगातार युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर देश सेवा के लिए तैयार कर रही है तथा यहां से बड़ी संख्या में युवा विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से मजबूत होना भी आवश्यक है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग एवं प्राणायाम करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। योग और प्राणायाम अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान एकेडमी के संचालकों एवं प्रशिक्षार्थियों ने लिखित परीक्षा की तैयारी एवं आवासीय सुविधा की मांग रखी, जिस पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने शीघ्र ही सेवा प्रशिक्षण केंद्र के लिए आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से आज पूरा विश्व भारतीय योग परंपरा को अपना रहा है। इस अवसर पर प्रशिक्षार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रावणभाटा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश तिवारी, ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ, ब्लॉक इकाई भाटापारा के जिला उपाध्यक्ष कोमल शर्मा, अध्यक्ष शंकर सोनी,  सत्यनारायण पटेल, अमृत साहू, सरिता ध्रुव, शैतान सिंह एवं मामराज गुर्जर सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।