June 22, 2026

KHABAR BHATAPARA

सबसे तेज़ – सबसे आगे

वर्षों बाद भाटापारा के रावणभाठा मैदान में लौटा बास्केटबॉल का रोमांच, शिवरतन शर्मा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- नगर के रावणभाठा मैदान में वर्षों के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर बास्केटबॉल की धमक सुनाई दी। रविवार देर शाम नगर स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। समापन समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह रही कि इसमें केवल भाटापारा नगर के युवाओं की टीमों ने हिस्सा लिया। वर्षों बाद हुए इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह था। युवाओं ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में दोनो टीमों के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर जबरदस्त जज्बे, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। मैदान में खिलाड़ियों की फुर्ती, पासिंग और डंक ने साबित कर दिया कि भाटापारा में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है तो ऐसे मंचों की।

शिवरतन शर्मा ने कहा – ‘यह वापसी ऐतिहासिक है’
शिवरतन शर्मा ने कार्यक्रम क़ो सम्बोधित कर कहा की वर्षों बाद रावणभाठा मैदान पर बास्केटबॉल का यह आयोजन लौटना अपने आप में ऐतिहासिक है। यह सिर्फ एक टूर्नामेंट का समापन नहीं, बल्कि भाटापारा में खेल संस्कृति की वापसी है।

शिवरतन शर्मा ने आगे कहा, बास्केटबॉल केवल खेल नहीं है, यह जीवन का पाठ पढ़ाता है। एक सेकंड में सही निर्णय लेना, गिरकर फिर से उठना और ‘मैं’ को भूलकर ‘हम’ बनकर टीम के लिए खेलना – यही सीख हमें आगे ले जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान का सपना ऐसे ही आयोजनों से पूरा होता है, जहां गली-मोहल्ले के युवा मैदान में पसीना बहाकर देश का नाम रोशन करने का हौसला रखते हैं।

विजेता-उपविजेता सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र
समारोह में शिवरतन शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन जिस लगन से नगर के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, वह वाकई काबिले तारीफ है। हर खिलाड़ी चैंपियन है, जिसने मैदान पर उतरकर अपनी हिम्मत दिखाई..

इस ऐतिहासिक आयोजन क़ो सफल बनाने के लिए शिवरतन शर्मा ने भाटापारा बास्केटबॉल एसोसिएशन की पूरी आयोजन समिति, कोच, निर्णायक मंडल एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले हर एक खेलप्रेमी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर के युवाओं को नशे और मोबाइल की दुनिया से निकालकर मैदान से जोड़ने का यह प्रयास अनुकरणीय है।

इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुनील यदु, डॉ विकास आडिल, संदीप गोयल, विवेकानंद निर्मलकर, रविंद्र शर्मा, पार्षद श्रेणीक गोलछा, पार्षद नंदकिशोर वैष्णव, परिचय मिश्रा, आशीष पुरोहित, राजकुमार मल, रवि गुप्ता, संजय शाह, दीपक मल, अभिषेक फिलिप, निर्मल जांगड़े, आनंद वर्मा, शरद पंसारी, शहर के वरिष्ठ खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी जनता उपस्थित रहे..।