


भाटापारा/khabar-bhatapara.in:- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र द्वारा आयोजित विशेष ‘योग तपस्या भट्ठी (मेडिटेशन)’ कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक इंद्र साव एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्था के माउंट आबू मुख्यालय से पधारे वरिष्ठ योग शिक्षक भ्राता रामनाथ जी का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भ्राता रामनाथ जी ने उपस्थित जनसमूह को ध्यान एवं मेडिटेशन के माध्यम से तनावमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुखी जीवन जीने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने नियमित ध्यान के माध्यम से मन को स्थिर एवं सकारात्मक रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
धार्मिक नगरी भाटापारा में संस्था की स्थापना सौभाग्य की बात : इंद्र साव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र साव ने कहा कि भाटापारा को धार्मिक नगरी के रूप में जाना जाता है। ऐसे नगर में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। संस्था के माध्यम से भाटापारा सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को सकारात्मक विचार, आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा मिल रही है।
विधायक इंद्र साव ने अपने वर्ष 1991 के कॉलेज टूर को याद करते हुए बताया कि उस दौरान उन्हें माउंट आबू जाने का अवसर मिला था। वहां उन्होंने दो-तीन दिन ध्यान एवं साधना का अनुभव प्राप्त किया था, जिसकी स्मृतियां आज भी उनके मन में जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही अपने परिवार के साथ पुनः माउंट आबू जाकर वहां के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक दृष्टिकोण की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। ब्रह्माकुमारीज संस्था समाज को नए विचार, नए रास्ते और सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित करने एवं सम्मान देने के लिए ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त किया।
शरीर की तरह मन को भी स्वस्थ रखने के लिए मेडिटेशन जरूरी : शिवरतन शर्मा
पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने मन और शरीर के संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि जिस प्रकार शरीर को स्वस्थ और निरोग रखने के लिए नियमित शारीरिक व्यायाम आवश्यक है, उसी प्रकार मन को शक्तिशाली, शांत और सकारात्मक बनाए रखने के लिए मेडिटेशन एवं पवित्र विचारों की आवश्यकता होती है।
उन्होंने स्थानीय सेवाकेंद्र की गतिविधियों की चर्चा करते हुए कहा कि भाटापारा नगरवासियों के लिए यह गौरव की बात है कि यहां की बहनें एवं दीदी जी निरंतर ऐसे दिव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही हैं।
उन्होंने कार्यक्रम के अंत में समस्त नगरवासियों के सुखद, शांत एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए संस्था के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा माउंट आबू से पधारे वरिष्ठ सदस्य भ्राता रामनाथ जी सहित स्थानीय ब्रह्माकुमारी बहनों एवं सेवाकेंद्र से जुड़े सदस्यों के प्रति नागरिक समाज की ओर से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।

More Stories
युवाओं की ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति को दिशा दे रही है विद्यार्थी परिषद : शिवरतन शर्मा
मिनी मैराथन प्रतियोगिता में भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने विजेताओं को किया सम्मानित
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का शिवरतन शर्मा ने किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों से मिले, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश.